महराजगंज। बुधवार की रात हुई बारिश से पारा 39 से गिरकर 38 पर पहुंच गया है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं मौसम बदलने के कारण लोग बुखार की चपेट में आ रहे हैं। शुक्रवार को 737 मरीज जिला अस्पताल की ओपीडी में पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद दवा दी। इसमें अधिकतर आंख, त्वचा व बुखार के मरीज थे।
बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। ओपीडी में मौजूद डाॅ. पीके सिंह ने कहा कि बुधवार तक तापमान 39 डिग्री था। इसमें जिन लोगों ने धूप में जाने का प्रयास अधिक किया वह डिहाइड्रेशन के शिकार हो गए। गर्मी और धूप में पसीना अधिक आने से शरीर में पानी की कमी हुई।
इससे चक्कर, उल्टी, त्वचा में रुखापन इत्यादि समस्या के लोग आ रहे। उन्होंने कहा कि बदलते मौसम में विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने बताया कि अस्पताल आने वाले अधिकतर बुखार, खांसी व त्वचा के मरीज पहुंचे। सभी को पानी का सेवन अधिक करने के साथ जरूरत न होने पर कूलर व एसी का उपयोग न करने की सलाह दी गई।
सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि मौसम बदलने के कारण बुखार के मरीज बढ़ गए हैं। वहीं आंख में संक्रमण व त्वचा रोगी भी आ रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर सलाह व दवा दी जा रही है।