महराजगंज। मिशन शक्ति के तहत बेटियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से भिटौली निवासी कक्षा 12 की छात्रा प्रिया द्विवेदी को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। बृहस्पतिवार को डीएम की कुर्सी पर बैठकर प्रिया ने जनसुनवाई की और समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
एक दिन की जिलाधिकारी प्रिया द्विवेदी ने जनसुनवाई के दौरान करीब 10 से 12 मामलों की सुनवाई की। इस दौरान डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जानकारी दी। परसा गिदही निवासी कुसुमवती के अंश निर्धारण संबंधी प्रकरण में उन्होंने संबंधित हल्का लेखपाल को अनावश्यक विलंब किए बिना कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने ग्राम पंचायत नेता सुरहुरवा में साफ-सफाई नहीं होने की शिकायत पर जिला पंचायतराज अधिकारी को नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए कहा। सिसवा नगर पालिका क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर तहसीलदार निचलौल को प्रभावी कार्रवाई कर अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने छात्रा को शिकायतें सुनने, तथ्यों को समझने और संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं का निस्तारण कराने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने जिलास्तरीय अधिकारियों के अधिकारों, दायित्वों और प्रशासनिक निर्णय लेने के तरीकों से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना है।
डीएम ने बताया कि मिशन शक्ति 6.0 के तहत शारदीय नवरात्र के दौरान महिला सशक्तीकरण के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रिया को एक दिन का डीएम बनाया गया, ताकि बेटियां प्रशासनिक कार्यों को करीब से समझ सकें और अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने बताया कि प्रिया जीव विज्ञान की छात्रा हैं और भविष्य में नीट की तैयारी करना चाहती हैं। उन्होंने प्रिया को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।