आठ लोगों को कुत्ते ने काटा
परसा मलिक (महराजगंज )। क्षेत्र के सात ग्राम पंचायतों में आठ लोगों को कुत्ते ने काट लिया जिनका उपचार रतनपुर सीएचसी पर चल रहा है। ग्राम पंचायत सेवतरी निवासिनी पवित्रा देवी (45) विषखोप निवासी ओमकार (65) सेवतरी निवासी राज, रेहरा निवासी मंत्री (55) मंगलापुर निवासी अमरनाथ (18) सोहनी निवासी खुश्बू (4) पुरैनिहां निवासी शेषचंद्र (22) व अड्डा बाजार निवासी राममिलन (45) को बीते बुधवार को कुत्ते ने काट लिया। रतनपुर सीएचसी अधिक्षक डॉ. सुरेंद्र ने बताया कि कुत्तों के काटने से पीड़ित आठ लोग अस्पताल आए हैं जिनका इलाज किया जा रहा है।
आशुलेखकों का चौथा वार्षिक सम्मेलन 26 को
महराजगंज। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध विद्युत परिषद आशुलेखक संघ के पूर्वांचल डिस्कॉम शाखा के आशुलेखकों का चतुर्थ वार्षिक सम्मेलन आगामी 26 दिसंबर को वाराणसी में स्थित एक होटल में आयोजित होगा। यह जानकारी विद्युत परिषद आशु लेखक संघ के पूर्वांचल महामंत्री ओम कुमार गुप्ता ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि इसमें उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में 1970 के रेगुलेशन की बहाली तथा एक डिस्कॉम से दूसरे डिस्कॉम में स्थानांतरण का विकल्प दिया जाना मुख्य मुद्दा होगा। इसके साथ ही पूर्वांचल डिस्कॉम की नई कार्यकारिणी का गठन कर विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श होगा।