महराजगंज। आनंदनगर-महराजगंज-घुघली रेल लाइन के लिए प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। शनिवार को जिलाधिकारी अनुनय झा पड़री मोहल्ले में पहुंचे। यहां डिवाइन स्कूल के आसपास की खाली जमीनों का निरीक्षण किया। जमीन के संबंध में जरूरी जानकारी ली। माना जा रहा है कि स्टेशन यहीं बनेगा।
जनपद मुख्यालय को रेल से जोड़ने के लिए प्रस्तावित रेलमार्ग के संदर्भ में जिलाधिकारी अनुनय झा द्वारा प्रस्तावित रेलवे स्टेशन हेतु चिह्नित स्थलों का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने सबसे पहले डिवाइन पब्लिक स्कूल के पास प्रस्तावित स्थल को देखा। इसके उपरांत उन्होंने दाल मिल रोड, पिपरा रोड तरकुलवां और महुअवा में रेलवे स्टेशन के लिए चिह्नित स्थलों को देखा।
उन्होंने भूमि अध्याप्ति अधिकारी एसडीएम मदन मोहन वर्मा को उक्त स्थलों में उपयुक्त स्थान को रेलवे अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए चिन्हित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि को चिह्नित करते समय मुख्य सड़क से संपर्क, स्थल की मुख्य शहर से नजदीकी, आवश्यक क्षेत्रफल आदि बिंदुओं का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने स्थल चयन जल्दी करते हुए रेलवे स्टेशन की कार्रवाई को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। जनपद में आनंदनगर-घुघली वाया महराजगंज 52.7 किमी की रेल लाइन प्रस्तावित है। इस नई रेल लाइन के लिए घुघली से महराजगंज के बीच के 25 किमी पैच का सर्वे भी किया जा चुका है। आनंदनगर-घुघली वाया महराजगंज रेल लाइन के लिए रेलवे द्वारा 12 गांवों का सर्वे जिला प्रशासन के सहयोग से किया चुका है। निरीक्षण के दौरान उप मुख्य अभियंता पूर्वोत्तर रेलवे एके सिंह, एसडीएम मदन मोहन वर्मा व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।