महराजगंज। कायाकल्प योजना के तहत मरीजों को दी जाने वाली सुविधा, साफ सफाई, दवाओं का रख-रखाव सहित अन्य सेवा के बारे में जांच की जाएगी। जिले के नौ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की जांच के लिए मंडल स्तर की टीम नामित हो गई है। 16 से 31 जनवरी तक यह टीम जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की जांच करेगी। जांच में मानक पूरा करने पर टीम प्रदेश स्तर पर रिपोर्ट भेजेगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में 40 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों ने कायाकल्प अवार्ड के तहत आवेदन किया है। इसमें से अभी नौ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर योजना के तहत सभी बिंदुओं पर जांच के लिए टीम गठित की गई है। प्रत्येक टीम में दो डाक्टर नामित किए गए है। डॉ. संतोष कुमार ओझा ने बताया कि सभी सीएसी अधीक्षकों को जांच के बारे में सूचना दी गई है।
इन अस्पतालों की जांची जाएगी व्यवस्था
सदर में कृत पिपरा, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बागापार पीएचसी जांच होगी। मिठौरा में नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौक, धानी में नौसागर पीएचसी, सिसवा पीएचसी, और पनियरा में पनियरा, मौलागंज और गांगी बाजार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर टीम जांच करेगी।