महराजगंज। मंगलवार को डीएलआरसी/डीएलबीसी की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में हुई। जिलाधिकारी ने ऋण जमानुपात की जानकारी ली। एलडीएम महराजगंज ने बताया कि जनपद का ऋण जमानुपात मार्च 2024 में करीब 65.99 प्रतिशत था, वहीं दिसंबर में बढ़कर 70.39 प्रतिशत हो गया।
जिलाधिकारी ने जनपद के ऋण जमानुपात में सुधार पर संतोष व्यक्त किया, लेकिन पीएनबी, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया व भारतीय स्टेट बैंक को अपने ऋण जमानुपात में सुधार के लिए निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने वार्षिक ऋण योजना के सापेक्ष 80 प्रतिशत से कम प्रगति वाले बैंकों के जिला समन्वयकों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्राथमिक क्षेत्र ऋण के वितरण में तेजी लाने का निर्देश देते हुए एलडीएम को खराब प्रदर्शन करने वाले शाखा प्रबंधकों की प्रगति से एसएलबीसी को अवगत कराने के निर्देशित किए। जिलाधिकारी ने मत्स्य व पशु पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड के तहत ज्यादा से ज्यादा ऋण वितरण के निर्देश दिए। उन्होंने कड़ा निर्देश देते हुए कहा कि पीएम स्वनिधि सहित विभिन्न योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदन आवश्यक रूप से लंबित न रहें और आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें।
जिलाधिकारी ने सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत ऋण वितरण स्वीकृति/वितरण की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रगति को बढ़ाने का निर्देश दिया। सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत प्राप्त लक्ष्य 1000 के सापेक्ष कुल ऋण स्वीकृति 949 रहा, जबकि 506 मामलों में ऋण वितरण किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पीएम स्वनिधि सहित अन्य योजनाओं के तहत लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरण को बढ़ाने के लिए निर्देशित किया गया।
उन्होंने कृषि अवसंरचना कोष योजना के तहत भी ऋण वितरण को तेज करने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, एलडीएम महराजगंज भूपेंद्रनाथ मिश्रा, एलडीओ आरबीआई जितेंद्र मोरे, उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी मौजूद रहे।