महराजगंज। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर के सामने धनेवा-धनेई में मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान कुल 240 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इसमें विभिन्न वर्गों के जोड़े शामिल रहे।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में अल्पसंख्यक वर्ग के 17, अन्य पिछड़ा वर्ग के 116, सामान्य वर्ग के 5 व अनुसूचित जाति के 102 जोड़ों ने सात फेरे लिए। मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नंदलाल आंबेडकर रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी मौजूद रहे। सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि समेत अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सदर विधानसभा क्षेत्र में 99, नौतनवा में 74, सिसवा में 21, फरेंदा में 17 और पनियरा में 29 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इस दौरान नवविवाहित जोड़ों को सरकार की ओर से उपहार और आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 51000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।
इस दौरान बीडीओ निचलौल शमा सिंह, बीडीओ सदर अतुल कुमार द्विवेदी, बीडीओ परतावल श्वेता मिश्रा, बीडीओ मिठौरा राहुल सागर, बीडीओ घुघली अमरनाथ पांडेय, शफी आलम सहायक समाज कल्याण अधिकारी मौजूद रहे।