हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय, सावन का पहला सोमवार आज
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सनातन धर्म का पवित्र सावन माह के पहले दिन रविवार को इंडो-नेपाल बॉर्डर से सटे पंचमुखी शिवधाम इटहिया सहित अन्य शिवालयों में जलाभिषेक के लिये श्रद्धालु पहुंचे। वहीं सोमवार को श्रद्धालु विशेष रूप से भगवान शिव की पूजा करेंगे। इसके लिए शिव मंदिरों में तैयारी पूरी कर ली गई है।
पंचमुखी इटहिया शिवमंदिर के पुजारी ध्यानचंद गिरी ने कहा कि मंदिर परिसर में मेले का आयोजन नहीं होगा। कोविड-19 नियमों के साथ शिवालय में सुबह से ही पूजन व अभिषेक होगा। भोलेबाबा को जल अर्पित करने शिव भक्त मंदिर पहुंचेंगे। पूरे समय हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजेंगे।
क्षेत्राधिकारी धीरेन्द्र कुमार उपाध्याय ने इटहिया शिवमन्दिर परिसर का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। निचलौल शहर से करीब आठ किलोमीटर दूर उत्तर दिशा भारत-नेपाल बॉर्डर से लगे पंचमुखी शिवधाम इटहिया, हरखोड़ा गांव के शिवालय, हरपुर पकड़ी स्थित बहुरहवा बाबा, सेखुई शिव मंदिर, कटहरा शिव मंदिर, महराजगंज शहर के पड़री मुहल्ला के शिवालय, राजीव नगर के सिंचाई कालोनी स्थित शिवालय, बैकुंठपुर के पावर हाउस स्थित शिवमंदिर, अमरूतिया शिवालय सावन मास के प्रथम दिन जलाभिषेक करने को लेकर श्रद्धालु पहुंचे।
इटहिया शिवमंदिर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
सीओ धीरेंद्र कुमार उपाध्याय ने बताया कि ईटहिया मंदिर पर इस साल कोरोना के कारण मेला स्थगित कर दिया गया है। किंतु श्रद्धालुओं के आस्था को देखते हुए सोमवार को लगने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए राजस्व विभाग से 15 लेखपाल, पुलिस विभाग के 100 आरक्षी, 12 मुख्य आरक्षी, 15 महिला आरक्षी, दो ट्रैफिक गार्ड, 14 उपनिरीक्षक, पांच थानेदार, डेढ़ सेक्शन पीएसी के साथ मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।