विवरण न फीड करने वाले प्रधानाध्यापकों का रुकेगा वेतन
- बीईओ को ऐसे प्रधानाध्यापकों को चिह्नित करने का दिया गया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। कोविड-19 काल में स्कूल के बंद होने के कारण विद्यार्थियों में वितरित किए जाने वाले खाद्यान्न व परिवर्तन लागत को प्रेरणा पोर्टल पर विवरण फीड न कराने वाले प्रधानाध्यापकों का वेतन रोका जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को ऐसे प्रधानाध्यापकों को चिह्नित करने को कहा है जिन्होंने खाद्यान्न व परिवर्तन लागत का शत-प्रतिशत विवरण पोर्टल पर फीड नहीं कराया है।
जिले में कुल लगभग 2000 से अधिक ऐसे विद्यालय संचालित हैं जिनमें अध्ययनरत विद्यार्थियों में खाद्यान्न व परिवर्तन लागत का वितरण किया जा रहा है। जिन विद्यार्थियों को 76 दिन व 49 दिन में वितरित हुए खाद्यान्न व परिवर्तन लागत के विवरण को पोर्टल पर फीड नहीं किया गया है तथा 124 व 138 दिवस में हुए वितरण के विवरण के फीडिंग में शिथिलता बरती जा रही है उन विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को चिह्नित करते हुए उनके विवरण की फीडिंग कराने का निर्देश दिया गया है। खंड शिक्षा अधिकारियों को भी यह भी निर्देशित किया गया है कि जिन प्रधानाध्यापकों द्वारा विवरण फीड कराने में रुचि नहीं ली जा रही है उन्हें चिह्नित करते हुए उनका वेतन रोकने का कार्य किया जाए। अन्यथा किसी प्रकार की विपरीत स्थिति उत्पन्न होने पर खंड शिक्षा अधिकारी की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। बीएसए ओमप्रकाश यादव ने बताया कि बीईओ वितरण कार्य की समीक्षा करते हुए आवश्यक कदम उठाने का कार्य करें।