महराजगंज। बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार के पदाधिकारियों ने निवेशकों के भुगतान की मांग को लेकर थाली बजाकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति समेत, प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिलाध्यक्ष कृष्णमोहन गुप्ता ने कहा की चिटफंड कंपनी में निवेशकों का पैसा फंसा है।
बड्स एक्ट के तहत निवेशकों के पैसे का भुगतान 60 दिवस के अंदर होना था, लेकिन तहसील में निवेशकों का कागजात जमा कराने के बाद भी पैसों का भुगतान नहीं किया जा सका।
जिला मुख्यालय पर मामले को लेकर कई बार धरना व ज्ञापन दिया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। निवेशक एजेंट्स के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई करा रहे हैं। उन्होंने बताया की 30 अप्रैल तक निवेशकाें को भुगतान नहींं हुआ तो एक मई को संसद भवन का घेराव किया जाएगा।