सिसवा बाजार। कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़हरा महंथ में गांव की महिलाओं ने देसी शराब की दुकान हटवाने के लिए एक घंटे तक प्रदर्शन किया। कोठीभार पुलिस ने किसी तरह से समझा-बुझाकर उन्हें हटाया।
शनिवार की दोपहर में महिलाओं ने गांव के बाहर सड़क पर स्थिति देसी शराब की दुकान के सामने हंगामा करने लगी। महिलाओं ने कहा कि शराब की दुकान के कारण महिलाओं और छात्राओं का आना-जाना दूभर हो गया है। सुबह से लेकर रात 12 बजे तक दुकान खुली रहती है। यहां शोहदे बैठे रहते हैं। आने-जाने वाली महिलाओं व स्कूल जाने वाली लड़कियों से छेड़खानी करते हैं, विरोध करने पर मारपीट पर उतारु हो जाते हैं।
महिलाओं ने कहा कि जबतक शराब की दुकान नहीं हटेगी तब तक हम लोग चैन से नहीं बैठेंगे। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश सिंह के अनुसार महिलाओं को समझा कर मौके से भेज दिया गया है। प्रदर्शन में बिंदु, तारा, शीला, सरोज, सरिता, संगीता, शांति, सुभावती, पूनम, सीमा, गीता, विमला, सविता, सल्हनता, मीना, भगवती आदि शामिल रहीं।