महराजगंज। होली को लेकर गांव से लेकर शहर तक बाजार सज गया है। दुकानों पर तरह-तरह के रंग और पिचकारी उपलब्ध हैं। सदर ब्लॉक के पास रंगों की दुकान सजी है। लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।
व्यापारी अमित गुप्ता ने बताया की दिल्ली से सामान की खरीदारी हुई है। नए तरीके का गन लाया गया है, जिसका नाम वाटर इलेक्ट्रिक है, जो चार्जिंग से चलेगा। इसमें कलर और पानी भरकर बच्चे होली खेल सकेंगे, जिसकी कीमत 550 रुपये से लेकर 1500 तक है।
पीडब्ल्यूडी गेट के पास व्यापारी नीरज कश्यप ने बताया इस बार होली पर कलर बम लाया गया है।
लोग हमेशा कुछ नया खरीदने के लिए दुकान पर आते हैं। कलर बम एक पीस 220 रुपये का बेचा जा रहा है। इसमें जैसे आप पटाखे जलाते हैं वैसे ही कलर बम चलेगा, लेकिन यह आवाज नहीं करेगा, इसमें से गुलाल निकलेगा। बाजार में राम मंदिर को लेकर त्रिशूल पिचकारी बिक रही है।
लोग बच्चों के लिए खरीदारी कर रहे हैं। 180 रुपये से लेकर 250 रुपये तक दुकानदार इसको बेच रहे हैं। रंगों से बचने के लिए बाजार में मुखौटे बिक हैं। क्रिश, स्पाइडर मैन, मोदी मास्क, कार्टून मास्क 110 रुपये से लेकर 210 रुपये तक उपलब्ध है।
बस स्टेशन के सामने स्थित कपड़ा व्यापारी विकास सिंघानिया ने बताया कि होली पर टी-शर्ट और कुर्ते की डिमांड है। 99 रुपये से लेकर 500 रुपये तक कपड़ा मौजूद है।
मोदी के हथौड़े से खेली जाएगी होली : सदर कोतवाली के सामने स्थित रंगों की दुकान पर बीजेपी के नाम से योगी और मोदी ब्रांड का हथौड़ा पिचकारी बाजार में नजर आ रही है। इसकी कीमत 150 रुपये से लेकर 250 रुपये तक है। बच्चे और युवा इसकी जमकर खरीदारी कर रहे हैं।