महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के चौपरिया गांव के पास नहर में नहाते समय डूबे युवक का शव 28 घंटे बाद देवीपुर नहर पुल के नीचे से बरामद हुआ। मंगलवार को दिन भर एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश करती रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार को दिन में चौपरिया गांव के सामने स्थित नहर में कई युवक नहा रहे थे। उनके साथ मेहाबार निवासी उपेन्द्र (29) भी नहा रहा था। तभी वह लापता हो गया। नहर के किनारे उसकी बाइक व चप्पल थी, लेकिन उसका पता नहीं था। मंगलवार को सुबह से ही एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश कर रही थी। देर शाम धान की रोपाई कर वापस जा रही महिलाओं ने देवीपुर पुल के नीचे उसका शव देखा। महिलाओं के शोर मचाने पर एसडीआरएफ व पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक श्यामदेउरवा धर्मेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद