जर्जर तार न बदलने पर लोगों ने किया प्रदर्शन
पनियरा (महराजगंज )। क्षेत्र के ग्राम सभा बैदा टोला पोखरहवा के ग्रामीणों ने शुक्रवार को जर्जर तारों को बदलने की मांग के लिए गांव में प्रदर्शन किया। लोगों ने बताया कि गांव में लगा बिजली का तार काफी पुराना हो चुका है। सड़क किनारे जगह-जगह तार लटक गया है। शुक्रवार सुबह जर्जर तार स्पार्किंग से फाल्ट होकर सड़क पर लटक गया है। जिससे लोगों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप लगाया है कि जर्जर एवं लटके तार को दुरुस्त कराने को लेकर कइयों बार अवर अभियंता मुजुरी से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। ग्रामीण मनोज साहनी, गनेश गौतम, गब्बर सहानी, रामलक्ष्न राजभर, संजय सहानी, राहुल मौर्य, सेवाती, पार्वती, चंद्रावती, मिथिलेश और उर्मिला आदि ने बिजली निगम के अधिकारियों से मांग की की तत्काल लटके एवं जर्जर तार को बदला जाए। अधिशासी अभियंता आनंदनगर श्रषिदेव कुमार गौतम ने बताया कि तार दुरुस्त कराने को लेकर अवर अभियंता मुजुरी को जरूरी दिशा निर्देश दिया गया है।
दुर्घटना में बाइक सवार दो लोग घायल
परतावल। श्यामदेउरवां क्षेत्र के परतावल पुरैना मार्ग पर पकड़ी दीक्षित चौराहे के समीप बाइक व टेंपो की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने उन्हें सीएचसी परतावल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। नगर पंचायत परतावल निवासी असलम एवं कमरजहां को बाइक पर बैठाकर पुरैना की तरफ जा रहे थे। अभी वह पकड़ी दीक्षित के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार टेंपो ने टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों के अनुसार बाइक चालक हेलमेट पहने था। थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।