मार्ग दुर्घटना में भाई-बहन की मौत के बाद फरेंदा पोखरभिंडा में रोते बिलखते परिवार वाले।
- फोटो : अमर उजाला
कोल्हुई/फरेंदा। थाना क्षेत्र पिपरा गांव के पास हाईवे पर बृहस्पतिवार दस बजे के करीब तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। वे शादी का कार्ड बांटने जा रहे थे। इस मामले में वाहन व चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है।
भाई-बहन की मौत की खबर गांव में मिलते ही कोहराम मच गया। लोग गांव के दो लोगों की मौत सुनते ही स्तब्ध हो गये। सभी ने अपने सारे काम को छोड़ कर उनके घर पहुंचने लगे।
पोखरभिंडा निवासी जयराम की लड़की की शादी 4 मई को तय है। कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के मछलीगांव टोला चौरी निवासी जयराम की 50 वर्षीय बहन इंद्रावती पोखरभिंडा आईं। जयराम उनको बाइक पर बिठाकर शादी का कार्ड बांटने निकले थे। बीच में कोल्हुई थाना क्षेत्र के पिपरा गांव के करीब स्थित मजार देख दोनों मजार पर चले गए।
दर्शन के बाद वापस जा रहे थे। हाईवे पर पिपरा गांव के पास पहुंचे थे कि उनकी बाइक सौनौली से गोरखपुर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की चपेट में आ गई। दोनों वाहन के पहिए के नीचे आ गए और जयराम व उनकी बहन इंद्रावती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन लेकर चालक फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर गौरव सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। उनकी सूचना पर सक्रिय हुई पुरंदरपुर पुलिस ने चार पहिया वाहन को पकड़ लिया।
इस मामले में इंस्पेक्टर गौरव सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजन की तहरीर पर वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों शव पीएम के लिए भेज दिए गए हैं। जयराम की सात बेटियों के बाद एक आठ वर्ष का बेटा गनेश जायसवाल है। पिता की मौत खबर सुन कर वह सन्न रह गया। उसको विश्वास नहीं हो रहा था कि उसके सिर से पिता का साया उठ गया है। सात बेटियों में तीन बेटी की शादी निपटाने के बाद जयराम चौथी बेटी की शादी के लिए तैयारी में जुटे थे। लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। पोखरभिंडा में हर व्यक्ति की जुबान पर यही चर्चा थी कि बेटी के हाथ पीले करने की हसरत जयराम की अधूरी रह गई।