सोनौली (ब्यूरो)। नेपाली के सीमावर्ती क्षेत्र बेलहिया में भारत के रास्ते कुवैत भेजी जा रही चार किशोरियों को पकड़ कर नेपाल पुलिस के हवाले कर दिया गया है। किशोरियों को नेपाल की सामाजिक संस्था ने उस वक्त पकड़ा जब एजेंट उन्हें विदेश भेजने के लिए बस द्वारा सोनौली दिल्ली भेजने का प्रयास का रहे थे। हालांकि इन किशोरियों को झांसा देकर विदेश भेजने वाले एजेंट पकड़ में नहीं आ सका। पुलिस उन्हें तलाश रही है।
बृहस्पतिवार की दोपहर नेपाल के धनकुडा जिले की चार किशोरियां भैरहवा बस पार्क से रिक्शे पर सवार होकर सोनौली सीमा बस डिपो जा रही थीं। वहां से उन्हें बस पर बैठा कर पहले दिल्ली और दिल्ली से कुवैत भेजा जाना था। शक होने पर किशोरियों को महिलाओं के लिए काम करने वाली एक सामाजिक संस्था के कर्मचारियों ने सरहद पर पूछताछ के लिए रोक लिया।
कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर किशोरियों ने बताया कि हम लोगों का गांव यहां से करीब 450 किलोमीटर दूर विराट नगर में है। विदेश में नौकरी दिलाने वाले एजेंट उन्हें पहले दिल्ली और फिर वहां से कुवैत भेज रहा था। एजेंट ने सोनौली बस डिपो पर पहुंचने के लिए बोला था। चारों किशोरियों के पासपोर्ट और वीजा भी एजेंटों ने रख लिए हैं।
बेलहिया इंस्पेक्टर रॉविन बिष्ट ने बताया की परिजनों को सूचित कर सभी किशोरियों को महिला सुधार गृह भैरहवा भेज दिया गया है। किशोरियों के बताए हुलिए के आधार पर एजेंट की तलाश की जा रही है।