पुलिस हत्यारोपी की तलाश में जुटी, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
चौक/ झुलनीपुर। निचलौल ब्लाक कार्यालय में तैनात उर्दू अनुवादक को सोमवार को घर लौटते समय बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। गोली की आवाज और राहगीरों के शोर पर पहुंचे गांव वालों ने परिजनों को सूचना दी। घर वाले उनको मेडिकल कालेज गोरखपुर ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना स्थल का जायजा लेकर जांच में जुटी हुई है।
चौक थाना क्षेत्र के परसौनी निवासी जाकिर अंसारी ब्लाक कार्यालय में उर्दू अनुवादक के पद पर तैनात हैं। शाम करीब 6 बजे बाइक से ड्यूटी से घर लौट रहे थे। ग्राम पड़री व टीकर के सिवान के बीच स्थित पोखरे के पास दो युवक घात लगा कर हमला कर दिए। गांव वालों के अनुसार, हमलावरों ने तीन गोलियां चलाईं। जाकिर अंसारी घायल होकर जमीन पर गिर गए। गोली की आवाज सुन कर गांव के लोग व आने जाने वाले घटना स्थल की तरफ दौड़े। पहचान कर घर पर सूचना दी।
परिजनों के अनुसार, वर्षों से गांव के मदरसा दारूल उलूम कुद्दूसिया अहले सुन्नत फखरूल उलूम परसौनी का प्रबंधकीय विवाद चल रहा है। दोनों तरफ से काफी रस्साकशी थी। बता दें कि करीब 6 वर्ष पूर्व उसी स्थान पर उसी मदरसे में तैनात मौलवी एजाज अहमद की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। उस समय भी मदरसे का ही विवाद जड़ में था और भाड़े के बदमाशों ने प्रधानाध्यापक समझ मौलवी एजाज अहमद की हत्या कर दी थी।