सोनौली। अनधिकृत स्टैंड शुल्क वसूली का विरोध करने पर कुछ लोगों ने सोनौली कस्बे के तीन युवकों को मारपीट कर अधमरा कर दिया। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के विरोध में लोगों ने हाईवे को जामकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शनिवार की दोपहर जानकी नगर वार्ड नंबर 10 निवासी अनिल और कृष्णा बाइक से नगर के एसबीआई शाखा पर किसी काम से गए थे। वापसी में कुछ लोगों ने स्टैंड के नाम पर 20 रुपये की मांग की। युवकों ने विरोध किया तो दोनों भाइयों को पीटना शुरू कर दिया। बचाने पहुंचे तीसरे भाई राजू पटवा को भी मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। तीनों को नौतनवां सीएचसी में भर्ती कराया गया। राजू की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस घटना के विरोध में लोगों ने पूर्वमंत्री हरिशंकर तिवारी की छावनी के सामने हाईवे पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझा कर मामला शांत कराया। लोगों ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कोतवाल राजेश कुमार ने बताया कि मौके से अर्जुन और कमलेश गिरी नाम के दो लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पूरे घटना क्रम की जांच चल रही है। जल्दी ही घटना में शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।