सिसवा क्षेत्र में सड़क के किनारे आरओ प्लांट का टेंपो पलटा।
- फोटो : अमर उजाला
सिसवा बाजार(ब्यूरो)। कोठीभार थानाक्षेत्र के ग्राम सभा कुइयां में बुधवार की दोपहर आरओ प्लांट का टेंपो पानी वितरण करने के लिए जाते समय अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गन्ने की खेत में पलट गया। हादसे में चालक घायल हो गया, जिसे ग्राम सभा निवासी कुछ नवयुवकों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
वार्ड नंबर 9 गजरू टोला, गोपाल नगर निवासी मनोज कुमार सिद्धि विनायक नीर नाम से आरओ प्लांट चलाते हैं। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में नलकूपों से दूषित जल निकलने के कारण मनोज प्रतिदिन अपनी टेंपो से पानी के जार की सप्लाई सिसवा क्षेत्र के ग्राम सभा बीजापर, अछमन छपरा, बेलवां चौधरी, गौरी बढ़ईपुरवां, सोफड़ा, कुइयां, बड़हरा महंत, बरियारपुर आदि गांवों में कराते हैं। बुधवार को मनोज ने अपने टैंपो चालक मनीष से पानी जार सप्लाई के लिए भेजा।
मनीष टेंपो को लेकर अभी कुइयां गांव के मोड़ के पास पहुंचा था कि टेंपो अनियंत्रित हो गई और बगल के गन्ने के खेत में पलट गई। इसमें चालक मनीष फंसकर चिल्लाने लगा। शहमद व उसके कुछ मित्र दौड़कर पहुंचे और घायल चालक को बाहर निकाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया, उसका इलाज चल रहा है।