फरेंदा। दहेज की लालच में पत्नी को दिल्ली ले जाकर बेचने के मामले में पीड़िता की एसपी से मुलाकात के बाद फरेंदा पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने सास, ननद व पति समेत नौ लोगों के खिलाफ महिला को बेचने और दहेज उत्पीड़न समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला फरेंदा थाना क्षेत्र के सिंहपुर ताल्ही निवासी मोहम्मद शफी की पुत्री रूखसाना की शादी तीन वर्ष पूर्व महदेवा दूबे निवासी इरफान के साथ हुई थी। पीड़िता रूखसाना ने तहरीर में कहा है कि शादी के बाद कुछ दिनों बाद से ही उसके पति व ससुराल के लोग पांच लाख दहेज के लिए दबाव बनाने लगे।
न मिलने पर प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता ने न्यायालय में मुकदमा दाखिल कर दिया। लेकिन बाद में ससुराल के लोग समझा कर घर ले आए। ससुरालियों के षड्यंत्र के तहत पति इरफान दिल्ली घुमाने की बात कह कर उसे ले गया। दिल्ली में कुछ दिनों तक रुकने के बाद उसे नशीला पदार्थ खिलाकर कुछ लोगों के हाथ बेच कर घर चला आया। पीड़िता ने बताया कि होश में आने के बाद वह बंद कमरे में मिली। उसके साथ मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
मौका पाकर किसी प्रकार से उनके चंगुल से फरार होकर अपने ससुराल पहुंची तो पति सहित उसके सास, ननद व देवर ने बुरी तरह से मार पीट कर घर से निकाल दिया। इसकी शिकायत फरेंदा पुलिस को देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस की उदासीन रवैया देखकर पीड़िता ने एसपी के पास पहुंच कर आपबीती बतायी। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद पुलिस हरकत में आ गई और ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई।
इस संबंध में एसओं सत्येंन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति इरफान व ससुराल पक्ष के नौ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, जान मारने की धमकी देना, मारपीट समेत अन्य धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।