महराजगंज। जनता इंटर कॉलेज पकड़ी नौनिया के छात्रों ने स्कूल के 100 मीटर पर लगाई जा रही अंग्रेजी शराब की दुकान का विरोध किया है। रोड जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आबकारी अधिकारी को ज्ञापन देकर इस दुकान को तत्काल हटाने की मांग की। पुलिस ने छात्रों को समझाया तब जाकर जाम समाप्त हुआ।
छात्रों ने कहा कि आबकारी विभाग स्कूल से महज 100 मीटर की दूरी पर अंग्रेजी शराब की दुकान खोल रहा है। यह मानक के विपरीत है। यहां पर स्कूल के अलावा घनी आबादी भी है। प्रदेश सरकार का निर्देश है कि किसी भी धार्मिक स्थल, विद्यालय, हास्पिटल के 500 मीटर की परिधि में शराब की दुकान नहीं लगाई जाएगी। लेकिन विभाग ने शासन के मानक को दरकिनार करते हुए पकडी नौनिया के जनता इंटर कालेज कैंपस से 100 मीटर की दूरी पर ही अंग्रेजी शराब की दुकान खोल रहा है।
अगर दुकान लगी तो यह छात्रों के हित में नहीं होगा। शराबभट्ठी हटवाने की मांगः मिठौरा क्षेत्र के सिन्दुरिया के ग्राम प्रधान निर्मला देवी ने डीएम को पत्र देकर झनझनपुर मार्ग पर पोखरी पर पक्का मकान बनवाने और स्थानीय स्कूल के पास शराब भट्टी की दुकान खोलवाने का आरोप लगाया है। ग्राम प्रधान ने उक्त जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग किया है। उनका कहना है कि गांव के पास चल रहे दो इण्टर कालेज व अन्य स्कूलों के नजदीक शराब की दुकान खोलवा दिया गया है। जिससे स्कूल आने जाने में छात्रों को काफी परेशानी हो रही है।