औरैया बिधूना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आदर्श नगर व कीरतपुर में सोमवार को जिला आबकारी टीम ने छापमारी की। मौके से 800 लीटर लहन नष्ट किया गया, जबकि 32 लीटर शराब बरामद कर 11 महिलाओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।
सोमवार को जिला आबकारी निरीक्षक वीके तिवारी ने आबकारी आयुक्त कानपुर के निर्देश पर जिले की बिधूना तहसील के मोहल्ला आदर्श नगर व कीरतपुर में अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया। छापामारी से भगदड़ मच गई। मोहल्लों में रहने वाले लोग अपना-अपना घर खुला छोड़कर भाग निकले। आबकारी टीम के लोगों ने एक-एक घर की तलाशी ली। घरों के कच्चे फर्श में नुकीले सरियों से छेदकर कच्ची शराब व लहन भरे डिब्बे नष्ट किए। इस मामले में आबकारी निरीक्षक वीके तिवारी ने बताया कि छापामारी के दौरान दोनों मोहल्लों में 800 किलो लीटर लहन नष्ट किया गया। 32 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। इस दौरान मौके पर मौजूद मिली 11 महिलाओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इस दौरान आबकारी टीम में प्रधान सिपाही शंकर सिंह, सुधीर शर्मा व विनोद, विजय आदि कर्मचारी मौजूद रहे।