लक्ष्मीपुर (महराजगंज)। दलित नाबालिग प्रेमी युगल की शादी कराए जाने के मामले में पुलिस ने अब पीड़ित किशोर और किशोरी पर ही बाल विवाह का मामला दर्ज कर लिया है। जबकि जबरन शादी कराने वाले लोगों को अज्ञात के रूप में आरोपी बनाया गया है।
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में गत 11 जनवरी को एक नाबालिग प्रेमी युगल गांव के बाहर सड़क के किनारे अकेले में गुफ्तगू कर रहे थे। तभी गांव के कुछ लोगों ने सड़क पर ही पंचायत कर एक चार पहिया वाहन के उजाले में लड़की की मांग जबरन भरवा दी। इसके बाद कुछ लोगों ने पूरे मामले का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आई पुरंदरपुर पुलिस ने उक्त गांव के ही चौकीदार व हल्का पुलिस की तहरीर पर प्रेमी युगल को ही नामजद करते हुए दोनों परिवार के सदस्यों व बाल विवाह में शामिल लोगों को अज्ञात के रूप में आरोपी बनाते हुए सोमवार की देर शाम बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। एसओ पुरंदरपुर राजेश वर्मा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिसमें प्रेमी युगल के साथ ही घटनाक्रम में शामिल को अज्ञात के रूप में आरोपी बनाया गया। जिनको जांच के आधार पर नामजद किया जाएगा।