मनिकौरा क्षेत्र में ताजिया में करंट लगने से युवक की मौत के बाद मौके पर पहुंची एबुंलेंस व लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
फरेंदा/पुरंदरपुर। मोहर्रम के जुलूस के बाद कर्बला से वापस घर लौटते समय ताजिया हाईटेंशन विद्युत तार छू जाने से एक किशोर की मौत हो गई। जबकि तीन युवक गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है। मेडिकल कालेज गोरखपुर में भर्ती तीनों युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के मधुकर पुर महदेवा निवासी अमीर खान (17), नीकू (14), अयूब (17), शमशेर मोहर्रम का जुलूस निकाल कर गांव के बाहर कर्बला पर ले गये थे। मेला संपन्न होने के बाद वापस ताजिया घर ले जा रहे थे। अभी मनिकौरा चौराहे पर पहुंचे थे कि ताजिया में लगा कच्चा बांस ऊपर गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार से छू गया। करंट की चपेट में आकर चारों युवक गंभीर रूप झुलस गए जोरदार झटके के साथ जमीन पर गिर पड़े। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई।
आसपास के लोगों की मदद से चारों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले जाया गया। सीएचसी पहुंचते ही अमीर खान की मौत हो गई। बाकी तीन युवकों की गंभीर हालत में मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। कांग्रेस नेता वीरेंद्र चौधरी, हृदयनरायन पांडेय, विनय तिवारी, विनोद चौधरी आदि लोग घटना पर दु:ख जताया है।