नौतनवां। अंबेडकरनगर मुहल्ले के युवक की संदिग्धावस्था में इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में युवक के पिता ने मंगलवार को पुलिस को तहरीर देकर दो युवकों के खिलाफ पुरानी रंजिश में चाय में जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
तहरीर में मृतक राजू गौड़ (28) के पिता छोटेलाल गौड़ का कहना है कि सोमवार की सुबह दस बजे उनका लड़का राजू घर पर आया और बताया कि उसी मुहल्ले के दीपू गौड़ और दिलीप गौड़ ने उसे चाय में जहर दे दिया है। इससे उसकी तबीयत खराब हो रही है। उसे फौरन पीएचसी ले गए। जहां डाक्टर मौजूद नहीं थे। इसके बाद बनैलिया चौराहे पर स्थित प्राइवेट अस्पताल में ले गए। जहां पर प्राथमिक इलाज के बाद अपने लड़के को सीएचसी ले गए। वहां के डाक्टरों के रेफर कर देने के बाद उसे नेपाल के भैरहवां मेडिकल कालेज ले गए। शाम आठ बजे के आसपास इलाज के दौरान राजू की मौत हो गई।
कुछ वर्ष पहले उनके लड़के राजू का आरोपी दीपू और दिलीप की बहन से प्रेम संबंध था। इसको लेकर वे लोग नाराज चल रहे थे। उसी रंजिश में उन लोगों ने उनके लड़के को चाय में जहर दे दिया। एसओ बृजेश कुमार वर्मा का कहना है कि गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। शव को पीएम के लिए भेजा गया है।