चौक क्षेत्र के झनझनपुर चौराहे पर दो पक्षों में मारपीट में युवक की मौत के बाद रोते-बिलखते परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
चौक बाजार। क्षेत्र के झनझनपुर चौराहे पर शनिवार की रात कहासुनी से शुरू हुए विवाद में हथौड़े के ताबड़तोड़ प्रहार से कस्मरियां निवासी 30 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। चाय की दुकान पर हुए खूनी खेल में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कस्मरिया निवासी जिलाजीत यादव शनिवार की शाम गांव के ही विश्वंभर पटेल के साथ झनझनपुर चौराहे पर गया था। अभी गांव के बाहर पहुंचे थे कि गांव के ही विजय मद्देशिया भी दोनों लोगों के साथ हो लिए। बताया जा रहा है कि तीनों झनझनपुर चौराहे की एक दुकान पर बैठे ही थे कि परसा राजा निवासी विमलेश पटेल भी दो सहयोगियों के साथ वहां पहुंच गया।
दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बात बढ़ गई और मारपीट शुरू हो गई। मौका पाकर विमलेश और उसके सहयोगी बाइक की डिकी से हथौड़ा निकाल लिया और विजय मद्देशिया को छोड़कर जिलाजीत यादव पर टूट पड़े। हथौड़ी से ताबड़तोड़ प्रहार से जिलाजीत यादव के हाथ पैर टूट गए और और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जिलाजीत यादव की मौत की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी बेहोश हो गई। पत्नी हीरा यादव ने विश्वंभर पटेल पर जिलाजीत को मरवाने के लिए ही घर से बुला कर ले जाने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस लाश को पीएम के लिये भेज दिया। जिलाजीत के चाचा की तहरीर पर विमलेश पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाकी आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। बताते चलें कि जिलाजीत अपने माता पिता की इकलौती संतान था। उनके माता-पिता का पहले ही निधन चुका है। परिवार में अब उनकी पत्नी हीरा ही बची हैं। जिलाजीत की कोई संतान नहीं है।