विवाहिता की मौत का मामला सुलझा।
- फोटो : अमर उजाला
निचलौल के ढेकावे में बीते शनिवार को हत्या कर फेंकी गयी विवाहिता के हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। विवाहिता की हत्या उसके पति ने जमीन व दहेज के लालच में की थी। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मंगलवार को थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में इंस्पेक्टर वीपी सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान प्रीति निवासी रतनपुर थाना कोठीभार के रूप में हुई। शिनाख्त के बाद पुलिस जांच में जुटी तो कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं।
इंस्पेक्टर वीपी सिंह ने बताया कि संजय पटेल से 2011 में निचलौल थाना क्षेत्र के भुलना निवासी रामलला पटेल की दूसरी बेटी प्रीति के साथ हुई थी। रामलला का कोई बेटा नहीं है। पहली पत्नी से एक बेटी मीरा है। जिसकी शादी रायपुर निवासी मानसिंह पटेल से हुई है।
मृतका के पति ने स्वीकारा कि पत्नी का कोई भाई न होने के कारण उसके माता पिता ससुराल से दहेज मांगने का दबाव बना रहे थे। ससुर ने एक एकड़ जमीन देने की बात कही थी। इधर कुछ दिनों से उसके माता पिता बाइक की मांग करने लगे। इसी को लेकर छह माह पूर्व प्रीति को घर से मायके भगा दिया।
शुक्रवार की रात गांव के घनश्याम शर्मा की बाइक लेकर संजय ससुराल भुलना गया और अपने सास ससुर से प्रीति को अपने मम्मी पापा द्वारा बुलाए जाने की बात कह कर विदा करा ले गया। रास्ते में यज्ञ दिखाने के बहाने घटना स्थल पर ले गया और मृतका के दुपट्टे से गला कस कर हत्या कर दी।
दूसरे दिन रामलला अखबार पढकर थाने पहुंच कर शव देखा और पहचान की। रामलला की तहरीर पर पति संजय पटेल, सास विन्दा देवी व ससुर मुखुत के विरुद्ध केस दर्ज कर हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।