पिजड़े में फंसे तेंदुए को देेखते गांव के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
रतनपुर/अड्डा बाजार। शुक्रवार की शाम बेलभार के पूर्वी बागीचे के तार में फंसा तेंदुआ वनकर्मियों के काफी प्रयास के बाद रात एक बजे के करीब पिंजरे में कैद कर लिया गया। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के उत्तरी चौक रेंज और नौतनवां थाना क्षेत्र के गांव चकदह के टोला बेलभार के पूर्वी बाग में बांस खूंटी के पास तारों के बीच तेंदुआ फंस गया था।
हालांकि आशंका जताई जा रही थी कि शिकारियों के जाल में फंसा है। पिंजरे में कैद करने के बाद स्पष्ट हुआ कि बाग की बैरिकेडिंग किए तारों में ही तेंदुआ है। निकलने के प्रयास में उसकी दहाड़ सुनकर लोगों की कौन कहे, वनकर्मियों तक के पसीने छूटते रहे।
रेंजर वीके पाठक ने बताया कि उसे लक्ष्मीपुर रेंज के जंगल में छोड़ दिया गया है। प्रभागीय वनाधिकारी शिवाजी राय मौके पर पहुंचकर दिशा निर्देश देते रहे। सदर एसडीएम देवेश कुमार गुप्ता, नौतनवां थानाध्यक्ष रामायण यादव, रेंजर नवनीत कुमार, दयाशंकर तिवारी, जगन्नाथ प्रसाद, डिप्टी रेंजर दिनेश त्रिपाठी, वन दरोगा ओंकार नाथ श्रीवास्तव, वनरक्षक कपिलमुनि मिश्रा, अजय स्वरूप पांडेय, कन्हैया लाल चौधरी, अड्डा चौकी इंचार्ज विजय शंकर यादव, खोरिया चौकी के राणा सिंह और सत्य प्रकाश सिंह प्रधान प्रतिनिधि अब्दुल सत्तार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।