फरेंदा/बृजमनगंज। मोहनजोत के पंचायत भवन में कच्ची शराब की बिक्री के विरोध में गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं बृहस्पतिवार को बृजमनगंज थाने पहुंच गईं और शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
महिलाओं ने मुख्यमंत्री, राज्य महिला आयोग तथा सीओ को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन के बाद महिलाएं मानीं। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के रामपुर मोहनजोत निवासी जीडीएस समूह के सुपरवाइजर आसमा खातून के साथ सौ की संख्या में महिलाएं थाने पहुंच गईं।
महिलाओं ने एसओ को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि गांव के दो लोग सरकारी भवन में काफी दिनों से कच्ची शराब का धंधा करते हैं। उसकी जानकारी पुलिस विभाग को होने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। शराब के नशे में लोग रोजाना महिलाओं के खिलाफ अश्लील शब्दों का प्रयोग कर बदनाम करते हैं। इसका कई बार विरोध किया गया। वे अक्सर मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।
गांव की भामा, शीला, के साथ मारपीट के कारण महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में कच्ची शराब का धंधा बंद नहीं हुआ आंदोलन कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में सूर्यमती, दुर्गावती, परमशीला, लालमती, निर्मला, पिशनावती, शीला, लक्ष्मीना, मीरा, गेना, भानमती, कैलाशी आदि महिलाएं उपस्थित रहीं।