महराजगंज। शुक्रवार की रात कोतवाली थाना क्षेत्र के बरगदवां राजा गांव में प्रेम संबंधों में रोड़ा बन रहे होमगार्ड के जवान को ग्राम प्रधान के पति ने गोली मार दी और फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल होमगार्ड को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। पुलिस ग्राम प्रधान के पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी है।
वारदात के शिकार होमगार्ड गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के चकिया गांव निवासी दीपचंद की बेटी की शादी बरगदवां राजा गांव की किशमती देवी के बेटे विनोद से हुई है। विनोद के पिता का निधन हो चुका है। बेटी की शादी के बाद दीपचंद का बरगदवां राजा गांव आना जाना लगा रहा।
पुलिस का कहना है कि पति के निधन के बाद किशमती देवी की गांव के ही ब्रजेश यादव से नजदीकी हो गई थी। लेकिन बेटे की शादी के बाद उनका झुकाव समधी दीपंचद की ओर होता गया और ब्रजेश यादव से किशमती दूरी बनाती गईं। ब्रजेश यादव बरवांराजा गांव की प्रधान आरती देवी का पति है। किशमती देवी की बेरुखी ब्रजेश यादव को परेशान करने लगी। वह दीपचंद को इसके लिए जिम्मेदार मानने लगा और उसे रास्ते से हटाने की फिराक में था।
शुक्रवार की रात दीपचंद अपनी बेटी से मिलने बरवांराजा गांव गए थे। बताया जाता है कि रात में भोजन कर सभी बरामदे में बैठे थे कि ब्रजेश यादव आ गया और दीपचंद को गोली मार कर फरार हो गया। गोली दीपचंद की पीठ में लगी। गोली चलने की आवाज से गांव में दहशत फैल गई।
जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंच गई और गंभीर रूप से घायल दीपंचद को जिला अस्पताल ले गई। जिला अस्पताल से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां एक एसआई और दो कांस्टेबल की सुरक्षा में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने गंभीर रूप से घायल होमगार्ड दीपचंद का बयान दर्ज कर बृजेश यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। एएसपी आशुतोष शुक्ल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। इसके लिए पुलिस टीम लगा दी गई है।
पुलिस छावनी में तब्दील हो गया गांव
कोतवाली थाना क्षेत्र के बरगदवांराजा गांव में गोली चलने की घटना ज्यों ही पुलिस को पता चली, त्यों ही कोतवाली पुलिस के साथ एएसपी आशुतोष शुक्ल, सीओ सदर एमपी सिंह, कोतवाल रामदवन मौर्य, एसआई विनोद राव, नगर चौकी इंचार्ज जयशंकर मिश्रा, कन्हैया पांडेय समेत तमाम पुलिस कर्मी पहुंचे। पुलिस ने सबसे सबसे घायल को जिला अस्पताल भेजवाया। इसके बाद घटना की जांच शुरू हुई। जांच में प्रेम संबंध की बात सामने आई है। इसी को लेकर गोली चली।