सोनौली/नौतनवा। नगर के महेंद्रनगर वार्ड में डंडा नदी के किनारे सोमवार की शाम आम के पेड़ पर लगभग पचास वर्षीय एक व्यक्ति की लाश लूंगी के फंदे के सहारे लटकी मिली। लाश की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है।
डंडा नदी के किनारे सोमवार की शाम साढे़ चार बजे चरवाहे घूम रहे थे। तभी आम के पेड़ पर लुंगी के फंदे के सहारे लाश लटकती देखी। गांव वालों ने ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर सीओ लक्षीराम यादव, एसओ रामायण यादव और चौकी प्रभारी शिवशंकर तिवारी पहुंच गए।
पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा। पुलिस आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर लाश की पहचान की कोशिश की, लेकिन देर रात तक उसकी पहचान नहीं होने पर शव को पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है। चौकी प्रभारी शिवशंकर तिवारी ने बताया कि वह देखने में मजदूर लगता है। हरे रंग का टीशर्ट और काले रंग का अंडरवियर पहना था। उसके पैर के तलवे में पेड़ की डाल से खरोच का निशान था। उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। शिनाख्त के बाद व पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का पता चलेगा।