नहर की पटरी पर शव देखने के लिए जुटी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज के घुघली/पुरैना में बेलवा तिवारी गांव के समीप स्थित नहर में गोली मार कर फेंकी गई युवक की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लाश को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्यारों ने बिल्कुल करीब से गोली मारी है।
युवक के शरीर पर पांच जगहों पर गोली के निशान मिले हैं। युवक की पहचान नहीं हो सकी है। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई करते हुए लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है।
मंगलवार की सुबह घुघली थाना क्षेत्र के पटखौली और बेलवा तिवारी गांव के बीच मुख्य सड़क से लगभग पचास मीटर दूरी पर नहर में औंधे मुंह पड़ी युवक की लाश पर कुछ लोगों की निगाह पड़ी। खबर फैलते ही आस पास के कई गांव के सैकड़ों महिला पुरुष घटना स्थल पर पहुंच गए।
लोगों ने लाश की पहचान करने की कोशिश की मगर पहचान नहीं हो सकी। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस के जांच पड़ताल के दौरान शव पर पांच जगहों पर गोली के निशान दिखे। एक दाई तरफ कंधे के नीचे, दाई व बाई दोनों तरफ पसली में तथा दो जगह पेट में गोली मारी गई थी।
नहर की पटरी पर उगे घास पर ताजे खून के निशान से जाहिर होता है कि हत्यारों ने देर रात घटना को अंजाम देकर लाश को ठिकाने लगाया है।
घटना स्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष ओपी चौहान ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
उनका कहना है कि घटना को कहीं और अंजाम देकर हत्यारों ने लाश को यहां ठिकाने लगाने का प्रयास किया है। लाश के पास से ऐसा कुछ भी नहीं मिला है जिससे तत्काल उसकी पहचान हो सके। शव के शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। लाश की शिनाख्त के बाद हत्या की गुत्थी भी सुलझा
ली जाएगी।