घटना स्थल पर मौजूद क्षेत्र के लोग व कोतवाली पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
ठूठीबारी। दीपावली पर घर की सफाई और मरम्मत के लिए पोखरे में मिट्टी निकालने गए दंपती पर मिट्टी का अड़ार गिर गया। उसमें दब कर पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। ठूठीबारी थाना क्षेत्र के डिघवा गांव के मेघौली टोला निवासी राजेंद्र चौरसिया ने एक दिन पहले घर की सफाई कर ली थी।
घर की पुताई के लिए पत्नी संगलावती (42) के साथ बुधवार को सुबह सात बजे लमुहा पोखरे से पीली मिट्टी निकालने गए थे। दोनों मिट्टी निकाल ही रहे थे कि अचानक अड़ार टूट कर उनके ऊपर गिर गया। दोनों मिट्टी के नीचे दब गए। राजेंद्र किसी तरह निकले और शोर मचाते हुए पत्नी को निकालने का प्रयास शुरू कर दिया।
शोर सुनकर आस-पास के लोग भी आ गए। काफी मशक्कत कर जब तक संगलावती को बाहर निकाला गया, संगलावती की मौत हो गई थी। लोगों ने 108 नंबर एंबुलेंस के लिए फोन किया। एंबुलेंस न आने पर खुद ही राजेंद्र को निचलौल सीएचसी पर भर्ती कराया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख राजेंद्र को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। इस संबंध में कोतवाल बृजनंदन सिंह ने बताया कि परिवार के लोग पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। उन लोगों ने पंचनामा बनाकर शव देने की अपील की। इस आधार पर संगलावती का शव घरवालों को सौंप दिया गया।
खुशी के पर्व पर गांव मे छाया मातम
ठूठीबारी। दीपावली उत्सव के अवसर पर घर की लिपाई पोताई के लिए पीली मिट्टी लाना संगलावती के लिए जानलेवा बन जायेगा यह कौन जानता था। इस घटना से राजेंद्र के घर समेत गांव में मातम पसरा हुआ है। राजेन्द्र चौरसिया की पत्नी संगलावती के छोटे-छोटे तीन बच्चे सरोज, सूरज, राजन हैं। राजेन्द्र रेडीमेट की दुकान से अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। छोटे-छोटे बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है।