मुंबई कमाने गए गजपति के सुक्खू की मौत की सूचना के बाद गमजदा परिवार वाले।
- फोटो : अमर उजाला
पुरंदरपुर। मुंबई कमाने गए पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के गजपति गांव के युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। इलाज के दौरान अस्पताल में मौत की सूचना गांव के लोगों ने मृतक के घर वालों को टेलीफोन पर दी। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिवारी जनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में मातम छाया है।
गांव गजपति निवासी सुक्खू यादव उम्र लगभग तीस (30) चौदह दिन पहले रोजी-रोटी के लिए मुंबई गया था। वह गोरे गांव जवाहर नगर में किराए का रूम लेकर गांव के लोगों के साथ रह रहा था।
सोमवार की भोर में लगभग चार बजे सुक्खू जवाहर नगर रेलवे फाटक के पास नित्य क्रिया के लिए जा रहा था कि उसी समय ट्रेन की चपेट में आ गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद साथ रह रहे लोगों ने उसे कादेबली के शताब्दी अस्पताल में ले गए। जहां पर इलाज के दौरान मौत हो गई।
इसकी सूचना गांव के लोगों ने पत्नी मालती को टेलीफोन पर दी। जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी व पांच बच्चों की चीत्कार से लोगों को कलेजा मुंह को आ जा रहा है। गांव में मातम पसरा हुआ है।