बाजारडीह के पास हाईवे के किनारे मिली युवक की लाश के पास लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
फरेंदा। बाजारडीह के पास हाईवे के बगल गड्ढे में मंगलवार की सुबह 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। उसकी जेब में मिले आधार कार्ड के आधार पर युवक की पहचान फरेंदा खुर्द निवासी राहुल यादव के रूप में हुई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना व हत्या के बीच यह मामला उलझा है।
फरेंदा खुर्द के लोगों का कहना है कि राहुल सोमवार की रात दस बजे के करीब अपने दो साथियों प्रदीप व एक अन्य के साथ भैया फरेंदा की तरफ गया था। रात में करीब 11 बजे बाजारडीह के पास बाइक को किसी वाहन ने चपेट में ले लिया। राहुल यादव को गंभीर चोटें आई थीं।
लेकिन साथ गए प्रदीप व एक अन्य ने राहुल को वहीं छोड़ कर फरार हो गए। इलाज के अभाव में राहुल की मौत हो गई। सुबह आसपास के लोगों ने शव देखकर शोर मचाया तब काफी लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ गए युवकों ने लोगों को हादसे की जानकारी तो दी लेकिन, उसमेें राहुल का जिक्र नहीं किया। ऐसे में मामला दुर्घटना और हत्या के बीच उलझ गया है।