अरनिया थाना क्षेत्र के गांव दशहरा स्थित पीएनबी बैंक पर कैश न मिलने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हंगामा करते हुए लोगों ने हाइवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाया। करीब आधा घंटे तक जाम लगने के कारण वाहनों का आवागमन बाधित रहा।
मंगलवार को अरनिया स्थित पीएनबी बैंक पर सुबह से लोग लाइन लगाकर खड़े रहे। दोपहर करीब दस बजे बैंक खुलने के बाद कैश न होने से गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। दोपहर करीब 11 बजे लोग हाइवे पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। कड़ी मसक्कत के बाद किसी तरह पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाया।
उधर करीब आधा घंटे तक जाम लगने के कारण हाइवे पर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। हांलाकि 11.30 बजे जाम हटने पर फिर से वाहनों का आवागमन सुचारु हो पाया।
बैंक के बाहर हंगामा, मैनेजर से नोकझोंक
कैश नहीं मिलने पर पीएनबी की भूड़ शाखा में ग्राहकों ने मंगलवार को जोरदार हंगामा किया। इस दौरान बैंक प्रबंधक से लोगों की तीखी नोकझोंक भी हुई। वहीं दूसरी ओर इमालिया की इलाहाबाद शाखा नहीं खुली तो लोगों ने हंगामा किया। सुबह नौ बजे से पीएनबी यमुनापुरम में लोग कैश के लिए कतार में खड़े हुए थे।
10 बजे बैंक खुला तो कैश नहीं होने की बात कहकर ग्राहकों को लौट जाने को बोल दिया गया। इसी से लोग भड़क गए। लोगाें ने हंगामा शुरू कर दिया। ग्राहकों ने बैंक स्टाफ से भी खूब नोकझोंक हुई। बैंक के बाहर करीब 30 मिनट तक हंगामा और नारेबाजी चलती रही। लोगों को आरोप है कि बैंक में केश नहीं दिया जा रहा है, जबकि लोगों को रुपयों की सख्त जरूरत है।
वहीं, बैंक प्रबंधक का कहना है कि बैंक में कैश आया ही नहीं है। ऐसे में वह कहां से लोगों को पैसा दें? दूसरी ओर इमलिया में इलाहाबाद बैंक के सामने हंगामा कर रहे लोगों का कहना है कि इमलिया की इलाहाबाद शाखा पर आए दिन ताला लटका रहता है। बैंक खुलता भी है तो कैश नहीं मिल पाता। ऐसे में ग्रामीणों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में लीड बैंक अफसर सतपाल मेहता ने बताया कि सुरक्षा कारणों के चलते इलाहाबाद बैंक की शाखा को उच्च अफसरों की अनुमति के बाद बंद किया गया। बैंक में कैश नहीं होने से वहां लॉ एंड आर्डर की समस्या खड़ी हो रही थी।