खनुआ/सोनौली। कोतवाली क्षेत्र के श्यामकाट बगीचे के पास एक पेड़ पर एक शख्स की लाश फंदे में लटकी हुई दिखी तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच में जुटी है। मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस ने पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है। आसपास के लोग इसे हत्या का मामला मान रहे हैं। पुलिस ने मृतक की पत्नी से पूछताछ की है।
शनिवार की सुबह कोतवाली क्षेत्र के श्यामकाट बगीचे के पास एक पेड़ पर शख्स की लाश दिखी तो वहां पूरा गांव उमड़ पड़ा। उसकी पहचान उसी गांव के बिस्मिल्लाह (38) पुत्र खदेरू के रूप में हुई। इसकी सूचना गांव के प्रधान ने सोनौली पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव वालों का कहना है कि उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया है। घटना स्थल पर घिसटने के निशान भी हैं। इस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच पड़ताल में पुलिस जुटी है। शुरुआती जांच में मिले क्लू के आधार पर पुलिस मृतक की पत्नी से कुछ पूछताछ की है।
कोतवाल तेज प्रताप श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक के घरवालों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पीएम रिपोर्ट के बाद की आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूरे घटनाक्रम की जांच पड़ताल की जा रही है। जो भी कसूरवार होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।