नौतनवां में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र संचालक के खिलाफ प्रदर्शन करती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
नौतनवां। सिलाई सिखाने और सिलाई मशीन देने के नाम पर संस्था बनाकर लाखों की वसूली करने वाले रैकेट के खिलाफ बृहस्पतिवार को नगर की विभिन्न वार्डो की चार दर्जन से अधिक लड़कियों व महिलाओं ने पैसे वापसी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और चेयरमैन प्रतिनिधि गुड्डू खान के नेतृत्व में थाने में तहरीर देकर संस्था के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी तहरीर में महिलाओं का कहना है कि गांधी नगर निवासी कमरजहां उर्फ चंदा व उसके पति यूसुफ खान ने संस्था बनाकर सिलाई सिखाने के लिए प्रवेश शुल्क तीन सौ रुपये और सिलाई मशीन देने के नाम सात सौ सत्तर रुपये वसूल किया। संस्था फर्जी होने की जानकारी हुई और वे एकजुट होन लगे।
इसकी भनक लगते ही संस्था चला रहे पति पत्नी अपनी दुकान बंद कर फरार हो गए। मोबाइल फोन से संपर्क कर जब पैसे वापस करने की बात कही गई तो उन लोगों ने पैसे वापस देने से मना कर दिया और देख लेने की धमकी भी दी। महिलाओं का कहना है कि आरोपी पति-पत्नी बड़े रैकेट का हिस्सा हैं।