फरेंदा। वन विभाग फरेंदा व कैंपियरगंज की संयुक्त टीम ने घेराबंदी करते हुए बुद्धवार की भोर में तस्करी के लिए ले जायी जा रही 12 बोटा साखू की लकड़ी को पिकअप समेत पकड़ लिया गया। पकड़ी गई लकड़ी को वाहन समेत फरेंदा वन रेंज लाया गया और वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
रेंजर फरेंदा बकाउल्लाह खान ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि बर्रडाड़ बीट की साखू की लकड़ियों को काटकर वन तस्करों पानी में छिपाए थे। उसे वन माफिया तस्करी के जरिए दूसरे जनपद ले जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही वन रेंजर कैंपियरगंज साजिद अली टीम को लेकर मेहदावल रोड पर करमैनी के पास बुधवार की भोर में घेराबंदी कर दी। सामने से पिकअप आती दिखाई दी। पिकअप का ड्राइवर वन कर्मियों को देखते ही वाहन से कूद कर फरार हो गया। पिकअप पर बाहर बोटा साखू लदा था। उसे वन रेंज फरेंदा लाया गया और वाहन स्वामी सहित अज्ञात के खिलाफ वन अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। वन विभाग की टीम में दुर्गा दत्त राय, देवेंद्र कुमार, सत्यप्रकाश व रमपत रहे। रेंजर बकाउल्लाह खान का कहना है कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
पांच साइकिल पर लदी लकडी के साथ एक गिरफ्तार
खनुआ। भारत से नेपाल ले जा रहे पांच साइकिल पर लदी करीब तीन लाख रुपये मूल्य की इमारती लकड़ी सहित एक बाइक के साथ एक व्यक्ति को एसएसबी ने पकड़ कर वन विभाग को सौंप दिया। सोनौली सीमा से सटे पिलर संख्या 517 के पास बुधवार को पांच साइकिल पर लाद कर इमारती लकड़ी भारत से नेपाल ले जाई जा रही थी कि गश्त कर रहे एसएसबी जवानों की नजर पड़ गई। जवानों ने लकड़ी ले जा रहे व्यक्तियों को रोकना चाहा वे साइकिल छोड़ कर नेपाल भाग गए। बाइक सवार इस्राइल पुत्र अली अंसारी निवासी श्रीरामपुर जिला रूपनदेही को लकड़ी के साथ पकड़ लिया गया। डिप्टी कमांडेंट दिलीप कुमार झा ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति को कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दिया गया है ।