नौतनवां। नगर के रेलवे स्टेशन चौराहे से मंगलवार की रात चोरी गई बाइक को बृहस्पतिवार को पुलिस ने बनैलिया चौराहे के समीप से बरामद कर नेपाली युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बीती रात साढे़ नौ बजे जानकीनगर निवासी बिट्टू जायसवाल अपनी बाइक स्टेशन चौराहे पर खड़ी कर पान की दुकान पर चले गए। वापस लौटे तो बाइक नहीं मिली। काफी खोजबीन के बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी की बाइक नेपाल भेजने की फिराक में हैं।
इसी सूचना पर हमराही हरेन्द्र यादव व सोमनाथ यादव के साथ बनैलिया चौक पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी बीच एक बाईक सवार नेपाली युवक नेपाल की तरफ जाता दिखा। उसे रोककर जब जांच की गई तो वह चोरी की बाइक निकली। पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान नेपाल के बुटवल निवासी प्रदीप थापा (20) के रूप में की गयी। चौकी प्रभारी ने बताया कि बाइक चोर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।