शंभू यादव की मौत के बाद जिला अस्पातल के पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी, मृतक के परिजन व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी के सोनौली स्थित संपत्ति के केयरटेकर शंभू यादव हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार को दो नामजद एवं तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। इनमें दो अशफाक और मुश्ताक को घटना के तत्काल बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। अशफाक के शर्ट पर खून के छींटे पाए गए थे।
शंभू यादव की शुक्रवार की शाम छह बजे नौतनवा के सिद्धार्थनगर मुहल्ला निवासी पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि एवं बसपा नेता प्रहलाद प्रसाद के बेटे के ब्रह्मभोज से लौटते समय बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां दागकर हत्या कर दी थी। गोली शंभू के सिर में लगी थी और उनका भेजा उड़ गया था।
शनिवार को पूर्व मंत्री के सहयोगी गोरखपुर के एसबीआई कालोनी निवासी सच्चितानंद शुक्ल की तहरीर पर पुलिस ने सोनौली निवासी अशफाक एवं अड्डा बाजार क्षेत्र के देवपुर निवासी मुस्ताक एवं तीन अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस ने शुक्रवार की देर रात घटनास्थल से ही शक के आधार पर दोनों लोगों को हिरासत में ले लिया था। शनिवार को डीआईजी शिवसागर सिंह ने एसपी प्रमोद कुमार के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और नौतनवा थाने पर अधिकारियों के साथ आधे घंटे तक बैठक कर हत्याकांड के जल्द से जल्द पर्दाफाश का निर्देश दिया। एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना की जांच और पर्दाफाश के लिए क्राइम ब्रांच की टीम लगाई गई है। हिरासत में लिए गए अशफाक और मुस्ताक से पूछताछ की जा रही है।