परतावल/सिसवा बाजार। आदर्श चुनाव आचार संहिता को लेकर जगह-जगह गाड़ियों की चेकिंग में की जा रही है। बृहस्पतिवार को वाहन चेकिंग के दौरान दो गाड़ियों से दो लाख दो हजार रुपये बरामद किए गए। इनमें एक रामजीत चतुर्वेदी पुत्र केशरीनारायण निवासी डीआईजी बंगला गोरखपुर से 1,28,000 और दूसरे शिब्बन सिंह पुत्र स्व. हंसराज सिंह निवासी रामपुर चकिया के पास से 74,000 रुपये बरामद हुए। बरामद धनराशि को जब्त कर पुलिस जांच में जुट गई है।
रामजीत ने बताया कि वह पैसा लेकर अपने भट्ठे पर लेबरों में बांटने जा रहे थे। वहीं शिब्बन का कहना है कि वह अपने ओरिएंटल बैंक गोरखपुर के करेंट खाते से 50,000 और एक बचत खाते से 24,000 रुपये निकालकर घर जा रहे थे। श्यामदेउरवां एसओ अनूप कुमार सिंह ने बताया कि तहसीलदार पवन जायसवाल की मौजूदगी में प्राथमिक स्वास्थ्य केद्र श्यामदेउरवां के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान रामजीत चार पहिया वाहन से आ रहे थे। चेकिंग के दौरान रुपये बरामद किए गए। आरओ गिरीशचंद श्रीवास्तव ने रकम जब्त कर ली।
कोठीभार पुलिस ने देर शाम कार से 1.35 लाख रुपये बरामद कर जब्त कर लिया है। जिले में आचार संहिता के मद्देनजर कोठीभार थानाक्षेत्र की स्टेटिक टीम के मजिस्ट्रेट एडीओ कोऑपरेटिव प्रभुनाथ तिवारी के नेतृत्व में पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। सबयां पुलिस पिकेट पर कार की जांच में सवार व्यक्ति के पास से 1.35 लाख रुपये बरामद हुए। पकड़े गए अनिल कुमार गोरखपुर में ट्रेडिंग कंपनी के वर्कर हैं। वह रुपयों के बारे में सही जानकारी नहीं दे सके। थानाध्यक्ष कोठीभार आनंद गुप्ता ने बताया कि विधान सभा चुनाव में वोटों की खरीद-फरोख्त रोकने के लिए चेकिंग अभियान चल रहा है।