थाना शहर पुलिस ने महिला का पर्स छीनकर फरार होने के दो आरोपियों को झज्जर चौक के पास बने पुल के नीचे से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से मिली फुटेज के आधार पर हुई है। आरोपियों की पहचान मोहल्ला खासापुरा निवासी मनीष उर्फ मोनू और मोहल्ला तेजपुरा निवासी देवेंद्र उर्फ लाला के रुप में हुई है।
जांचकर्ता एएसआई देवेन्द्र कुमार ने बताया कि 4 जनवरी को नई बस्ती निवासी एक महिला अपनी बहन के साथ बाजार से वापस अपने घर आ रही थी। रास्ते में नई आबादी के पास दो युवक बाइक पर आए और महिला का नकदी भरा पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में 4600 रुपये और आधार कार्ड था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला का पर्स, 4600 रुपये व उसमें मौजूद सभी सामान बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।