छेड़छाड़ का विरोध करने पर 11वीं की छात्रा को पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
निचलौल। थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को शाम करीब साढ़े चार बजे एक युवक ने 11 वीं की छात्रा से पहले छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। छात्रा के शोर मचाने पर बचाव करने आए उसके भाई को भी दबंग युवक ने परिवार के लोगों के साथ मिलकर पिटाई कर दी। आरोपियों ने छात्रा के घर पर पथराव भी किया। पीड़िता ने चार लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर मदद की गुहार लगाई है।
क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले एक परिवार की छात्रा एक विद्यालय में 11वीं कक्षा की छात्रा है। छात्रा की तरफ से दी गई तहरीर में कहा गया है कि उसे कुछ युवक कई दिनों से परेशान कर रहे थे। गांव का ही रहने वाला एक युवक स्कूल आते-जाते समय उस पर अश्लील टिप्पणी कर छेड़छाड़ करता है। विरोध करने पर भी आरोपी रोजाना छेड़छाड़ करता रहा। आरोप है कि शनिवार की शाम छात्रा को घर पर अकेले देख युवक ने उसके साथ फिर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर दबंग युवक ने उससे मारपीट की। पीड़िता के शोर मचाने पर बचाने के लिए बड़े भाई आए तो दबंग युवक ने अपने परिजनों के साथ मिलकर छात्रा के भाई की भी पिटाई कर दी। छात्रा ने बड़े भाई के साथ थाने में पहुंचकर चार आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर गौतम सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।