भारी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ दो युवक गिरफ्तार
- नारकोटिक्स विभाग लखनऊ और भगवानपुर पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
नौतनवां। भारत-नेपाल सीमा भगवानपुर अहिरौली गांव के पास सरहद के निकट नारकोटिक्स विभाग लखनऊ और भगवानपुर की टीम ने दो नेपाली युवकों को दबोच कर उनसे भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद की है।
शनिवार की रात नारकोटिक्स विभाग लखनऊ और एसएसबी भगवानपुर को सूचना मिली कि प्रतिबंधित दवाओं की खेप नेपाल भेजी जानी है। इसके बाद टीम ने संयुक्त रूप से सरहद पर निगरानी शुरू कर दिया। रात में दो युवक पैदल ही भगवानपुर पुलिस चौकी के अहिरौली गांव के रास्ते नेपाल जा रहे थे। संदिग्धों को पुलिस ने रोककर तलाशी ली तो उनके शरीर में आगे और पीछे बाधा गया प्रतिबंधित नशीली दवा मिलीं। पूछताछ में संदिग्ध युवकों की पहचान असम बोगटी और मिलन मगहर निवासी लेखनाथ कास्की पोखरा नेपाल के रूप में की गई। नारकोटिक्स विभाग लखनऊ के प्रभारी जतिन सिंह ने बताया कि दवाओं को सीज कर दिया गया है, जिसमें कुछ नकली भी हैं। दोनों युवकों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
1350 शीशी नेपाली शराब के साथ एक गिरफ्तार
निचलौल। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात झुलनीपुर बीओपी के एसएसबी जवान व पुलिस ने रविवार सुबह करीब छह बजे बॉर्डर के पीलर संख्या 499/4 के पास से 1350 शीशी नेपाली शराब व दो बाइक के साथ एक आरोपी को राकेश निवासी कनमिसवा को गिरफ्तार किया है। जबकि दूसरा भागने में कामयाब हो गया।
एसएसबी निरीक्षक रवि कुमार ने बताया कि कनमिसवा गांव के पास पिलर संख्या 499/4 के पास पगडंडी पर दो व्यक्ति बाइक से बोरी में समान भरकर नेपाल की ओर से भारतीय सीमा में आ रहे थे। जवानों ने दोनों को रोका तो वह सामान छोड़कर नेपाली सीमा क्षेत्र की ओर भागने लगे। लेकिन एक आरोपी को जवानों ने पीछा कर दबोच लिया। तलाशी लेने पर बोरी में से 1350 शीशी नेपाली शराब बरामद की गई।
मोटर पार्ट्स के साथ एक गिरफ्तार
निचलौल। भारत-नेपाल सीमा पर बरगदवा बीओपी के झिंगटी चेक पोस्ट के एसएसबी जवानों ने रविवार की दोपहर सीमा पर गश्त के दौरान पिलर संख्या 508/13 के पास से एक आरोपी को मोटर पार्ट्स व एक बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया है। जवानों ने आरोपी को निचलौल कस्टम को सुपुर्द कर दिया। एसएसबी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी अभय कुमार निवासी बरगदवा को सामान के साथ कस्टम को सौंप दिया गया।
मटर के साथ दो युवक हिरासत में
नौतनवां। 66 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी सूंडी घाट के जवानों ने रविवार को भारत नेपाल सीमा के पीलर नंबर 526/18 के पास मुखबिर की सूचना पर 1250 किलोग्राम के साथ दो अवैध कारोबारी को हिरासत में लिया है। सशस्त्र सीमा बल के सहायक उप निरीक्षक सुरजीत सिंह ने बताया कि श्याम सुंदर निवासी बागरी थाना मझगावा जिला रुपंदेही नेपाल एवं हरि प्रताप निवासी सूंड़ी थाना नौतनवां को साइकिल, मोटर साइकिल व मटर के साथ दोनों आरोपियों को नौतनवां कस्टम को सौंप दिया गया।
-----------------
नेपाली शराब के साथ पांच गिरफ्तार
निचलौल। थाना क्षेत्र के दो जगहों से छापामारी के दौरान पुलिस ने 145 शीशी नेपाली व 11 लीटर कच्ची शराब बरामद किया। दोनों जगहों से पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र राय ने बताया कि ग्राम डोमा में छापामारी के दौरान एक घर से 120 शीशी नेपाली व 11 लीटर कच्ची शराब बरामद हुआ। साथ ही शराब बनाने के सामान व यूरिया भी बरामद हुआ। अवैध शराब के धंधे में लगे दिनेश, अजय साहनी, मोहिनी चौहान व अंगिरा निवासी डोमा को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट में जेल भेज दिया गया है। इसी क्रम में शीतलपुर चौकी इंचार्ज भगवान बक्श ने बताया कि अमड़ी पुल के पास जांच के दौरान कैलास निवासी टिकुलहिया के पास से 25 शीशी नेपाली शराब बरामद किया गया।