हाईस्कूल की छात्रा ने आग लगाकर की खुदकुशी
बोर्ड की परीक्षा में खराब हो गया था पेपर, फेल होने का था डर
अमर उजाला ब्यूरो
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बरगदवा में हाईस्कूल की छात्रा ने आग लगाकर खुदकुशी कर ली। घरवालों के मुताबिक परीक्षा में उसका पेपर खराब हो गया था। उसे फेल होने का डर सता रहा था। इससे वह कुछ दिनों से परेशान थी। उसने शुक्रवार दोपहर में घर में रखे मिट्टी के तेल को अपने ऊपर डालकर आग लगा ली। घटना की जानकारी होने पर पुलिस को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
ग्राम बरगदवा लाला टोला निवासी गुंजा गुप्ता हाईस्कूल की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि उसने इस वर्ष बोर्ड की परीक्षा दी थी, लेकिन पेपर ठीक नहीं होने से वह परेशान रह रही थी। शुक्रवार को वह घर में अकेली थी। उसका भाई गोरखपुर में रहकर पढ़ाई करता है। मां विंद्रावती गांव में दुकान पर थीं। पिता नर्वदा घर से कहीं बाहर गए हुए थे। दोपहर में घर के दरवाजा अंदर से बंद करउसने अपने ऊपर मट्टी का छिड़क कर आग लगा ली। पड़ोसियों ने तत्काल थाने पर सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ सदर देवेंद्र कुमार सिंह, कार्यवाहक थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार, चौकी इंचार्ज परतावल विकास यादव मौके पर पहुंचे। कार्यवाहक थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।