अग्निशमन कर्मियों की कमी, आग से बचाव होगी चुनौती
फोटो:-
अग्निशमन कर्मियों की कमी, आग से बचाव होगी चुनौती
71 के सापेक्ष तैनात हैं 45 अग्निशमन कर्मी
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। पछुआ हवा चलने के साथ ही जिले में आग लगने की घटनाएं शुरू हो गई है। लेकिन विभाग में कर्मचारियों की कमी सामने आ रही है। गर्मी के मौसम में आग लगने की घटना ज्यादा होती है। जिले में दो अग्निशमन केंद्र महराजगंज व फरेंदा में स्थित हैं। जबकि विभाग के पास छह दमकल हैं। तीन दमकल बड़े तो तीन छोटी है। लेकिन अभी भी नौतनवां में अग्नि शमन केंद्र स्थापित नहीं हो सका है। वैसे तो महराजगंज अग्नि शमन विभाग में कुल 71 अधिकारियों कर्मचारियों के पद सृजित है। लेकिन तैनाती 45 अधिकारी व कर्मचारी की है। यहां मुख्य अग्निशमन अधिकारी, दो अग्नि अधिकारी, दो चालक, एक हवलदार तथा 20 फायरमैन के पद रिक्त हैं। अग्निशमन अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि एक -एक बड़ी गाड़ी सिसवा, महराजगंज व फरेंदा में तथा एक-एक छोटी गाड़ी महराजगंज, श्यामदेउरवा व नौतनवां में लगाये गये हैं। उन्होंने बताया कि श्यामदेउरवा में एक चालक व चार फायरमैन, फरेंदा में एक चालक, एक हवलदार व चार फायरमैन, नौतनवां में एक चालक, एक हवलदार व चार फायरमैन लगाए गए हैं। इसी प्रकार सिसवा में एक चालक, दो हवलदार व सात फायरमैन तथा महराजगंज में एक अग्नि शमन अधिकारी , दो हवलदार व चौदह फायरमैन तैनात हैं। उन्होंने यह भी बताया कि नौतनवा में अग्नि शमन केंद्र स्थापित करने की कार्रवाई चल रही है।
मार्च में 23 दिनों में हुए सात अग्निकांड
महराजगंज। अग्नि शमन अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि पहली से 23 मार्च के बीच जिले में सात स्थानों पर आग लगी। जबकि बीते वर्ष मार्च 2018 में 23 दिनों में 10 स्थानों पर आग लगी थी।