महराजगंज। एनआईसी सभागार में सामान्य प्रेक्षक श्रीमती गुरप्रीत कौर सपरा की अध्यक्षता में रविवार को विधानसभा वार मतगणना कार्मिकों का रेंडमाइजेशन किया गया। उन्होंने कहा कि 70 टेबल पर मतगणना होगी और सभी कर्मियों को मतगणना के दिन टेबल का आवंटन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने प्रेक्षक, प्रत्याशियों व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि रेंडमाइजेशन के दौरान मतगणना कार्मिकों को विधानसभा आवंटित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने यह भी अवगत कराया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतगणना कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। आयोग के निर्देशों का शत–प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया गया है। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि जनपद में मतगणना के लिए कुल ईवीएम गणना हेतु गठित पार्टियों का रेंडमाइजेशन किया गया है।
रेंडमाइजेशन 120 प्रतिशत पर किया गया। इनमें प्रति विधानसभा 14 टेबल और कुल 70 टेबल ईवीएम की गणना के लिए होंगे, जबकि प्रत्येक विधानसभा पर पांच पार्टियां रिजर्व में होंगी। प्रत्येक टेबल पर एक सुपरवाइजर, एक मतगणना सहायक, एक माइक्रो आब्जर्वर और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रहेंगे। इनके अतिरिक्त पोस्टल बैलेट की गणना के लिए नौ टेबल होंगे। प्रत्येक टेबल पर एक सुपरवाइजर, दो मतगणना सहायक और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रहेंगे। ईटीपीबीएस की गणना के लिए 10 टेबल होंगे। जिन पर एक सुपरवाइजर और एक मतगणना सहायक रहेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि ईटीपीबीएस के लिए एक एआरओ, पोस्टल बैलेट के लिए नौ एआरओ और विधानसभा के पांच एआरओ मतगणना संपन्न कराएंगे। मतगणना में विधानसभा वार प्रति टेबल एक एजेंट, पोस्टल बैलेट के लिए प्रति टेबल एक एजेंट और ईटीपीबीएस के लिए एक एजेंट नियुक्त रहेंगे। प्रत्येक प्रत्याशी के कुल 86 एजेंट होंगे जो अपने प्रत्याशी के प्रतिनिधि के रूप में मतगणना की निगरानी करेंगे।
इस दौरान प्रेक्षक राजनीतिक प्रतिनिधियों से मतदान के संदर्भ में फीडबैक भी प्राप्त किया। सभी ने मतदान प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने राजनीतिक प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार अबतक की प्रक्रिया शुचितापूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय, अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय प्रकाश मौजूद रहे।