बागापार। नगर पंचायत चौक पर सभासदों का आठ सूत्री मांगों को लेकर चल रहा धरना उपजिलाधिकारी/ईओ शैलेंद्र गौतम के आश्वासन पर शनिवार को समाप्त हो गया। सभासद नगर पंचायत अध्यक्ष पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन पर बैठे थे।
सभासदों की मांग थी कि नगर पंचायत अध्यक्ष कभी भी कार्यालय पर आकर नहीं बैठती हैं। उनके कार्यालय न आने से नगर का विकास कार्य प्रभावित हो रहा है। सभासदों ने आरोप लगाया था कि अधिकारी एक भी बात नहीं सुनते हैं। नगर पंचायत चौक के बोर्ड की बैठक हर माह कराई जाए।
नगर पंचायत सदस्यों के बिना जानकारी व सदन की बोर्ड में प्रस्ताव लाए ही टेंडर प्रक्रिया व भुगतान कार्य न किया जाए, किसी सदस्य की ओर से नगर पंचायत से कोई सूचना मांगी जाती है तो उसका विवरण नहीं दिया जाता है।
उपजिलाधिकारी/ प्रभारी ईओ चौक शैलेंद्र गौतम ने धरने पर बैठे सभासदों की सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया, जिस पर धरना समाप्त हो गया। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय कुमार, पवन वर्मा, त्रिभुवन गुप्ता, नरोत्तम प्रसाद, विजय, प्रियंका वर्मा, रीना पांडेय, नेहा यादव, हरिलाल, रंजू देवी, आशीष साहनी मौजूद रहे।