लगातार अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज से जनजीवन प्रभावित
खुशहालनगर। घुघली क्षेत्र में इन दिनों बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लगातार अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में बिजली संकट ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। इससे उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि दिन और रात में कई बार बिजली कटती है। अक्सर कई घंटे बिजली न रहने से घरेलू कार्य और छोटे व्यापारी प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही घरों में पेयजल का संकट पैदा हो जा रहा है। वहीं उमस भरी गर्मी में छोटे बच्चे और बुजुर्ग और बीमार सर्वाधिक परेशान हैं।
क्षेत्र के हरेंद्र जायसवाल, राहुल शर्मा, मिथिलेश, अजय, दुर्गेश इत्यादि ने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने पर केवल आश्वासन मिलता है। उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग से बिजली आपूर्ति में सुधार करने, अघोषित कटौती पर रोक लगाने तथा नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस संबंध में बिजली विभाग के एसडीओ एके सिंह ने कहा कि बिजली कटौती की समस्या तो हर जगह हैं। जल्दी ही सुधार हो जाएगा और निर्बाध गति से बिजली उपभोक्ताओं को मिलने लगेगी।